नेहरू प्लेस इलाके में गुरुवार सुबह दस बजे बस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक महिला की पहचान 60 वर्षीय चंदर कोचर के रूप में की गई है।

घटना के समय महिला कालकाजी से उत्तम नगर स्थित अपने दफ्तर जा रही थी। तभी पीछे से आ रही बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना में महिला के पति 62 वर्षीय अशोक कोचर को भी गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार संबंधित बस दिलशाद गार्डन से नेहरू प्लेस के बीच चलती है।

दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बस का चालक घटना के बाद से ही मौके से फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार संबंधित बस एक निजी स्कूल की है और दिल्ली सरकार ने इसे15 दिनों के लिए कांट्रैक्ट पर लिया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि चश्मदीदों के मुताबिक सुबह करीब दस बजे महिला अपने पति के साथ दफ्तर के लिए निकली थी। इसी दौरान रेड लाइट पर यू-टर्न लेते समय दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया।