मुंबई : एयर इंडिया के विमान में उस समय अफरा-थपरी मच गई जब विमान के पेंट्री में कथित रूप से चूहे को दौड़ते हुए देखा गया। बुधवार को चूहे की वजह से एयर इंडिया के लंदन जाने वाले इस विमान को आधे रास्ते से मुंबई वापस लौटना पड़ा। मुंबई से लंदन जाने वाले इस ड्रीमलाइनर एयरक्राफ्ट में चूहा होने की शिकायत मिलने पर उसे वापस मुंबई लाया गया।

सूत्रों के मुताबिक जिस समय विमान में कथित रूप से चूहे होने की शिकायत मिली थी उस समय विमान तेहरान के करीब था। विमान के केबिन के क्रू सदस्यों ने भी कथित चूहे होने की जानकारी विमान के चालक को दी। इसके बाद चालक ने डीजीसीए से संपर्क किया और वापस लौटने की बात की। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को मुंबई वापस लाया गया और छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे आपातस्थिति में उतारा गया।

सूत्रों के मुताबिक विमान में कथित चूहे होने के कारण एयर इंडिया के इस विमान को रद्द कर दिया गया है। इस विमान में 240 यात्री सवार थे। यह विमान सुबह लगभग 7.53 बजे मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरा था। एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक दोपहर लगभग बारह बजकर 50 मिनट पर इसे मुंबई हवाई अड्डे पर वापस लाया गया। लगभग छह घंटे के बाद शाम सवा छह बजे यात्रियों को दूसरे विमान से लंदन रवाना किया गया।

सूत्रों के मुताबिक विमान में कथित तौर पर चूहे होने की जांच का आदेश का दिया है। जांच रिपोर्ट विमान आपरेशन के प्रमुख को सौंपने को कहा गया है। इधर एयर इंडिया प्रशासन ने भी विमान में कथित चूहे होने की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 30 जुलाई को एयर इंडिया के मिलान जाने वाले एक विमान को उड़ान भरने के दो घंटे बाद ही कथित चूहे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उतारा गया था।