नई दिल्ली: भाजपा सांसद एवं पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने वित्त मंत्री अरूण जेटली पर दिल्ली किक्रेट निकाय डीडीसीए में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सार्वजनिक रूप से निशाना साधने के लिए आज निलंबित कर दिया।

भाजपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है,‘‘दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद को पार्टी विरोधी उनकी गतिविधियों के लिए तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित किया जाता है।’’ पार्टी ने कहा कि आजाद को एक कारण बताओ नोटिस जारी करके उनसे उनके ‘‘पार्टी विरोधी व्यवहार’’ की वजह बताने को कहा गया है। पार्टी ने कहा कि उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई उनके जवाब पर निर्भर करेगी।  

आजाद ने पार्टी अध्यक्ष की अवहेलना की थी और रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन करके दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ डीडीसीए से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को रेखांकित किया था जिसके जेटली 2013 तक 13 वर्षो के लिए अध्यक्ष रहे थे।   भाजपा सांसद आजाद को भारतीय किक्रेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी और पार्टी से नाराज चल रहे भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का समर्थन मिला था। आजाद ने उस संवाददाता सम्मेलन के बाद सोशल मीडिया पर खुली चुनौती दी थी और संसद में भी जेटली को निशाना बनाया था। इससे पार्टी ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की।  

यद्यपि आजाद के तेवर में कोई नरमी नहीं आयी थी लेकिन जेटली ने उनके खिलाफ आगे नहीं बढऩे का निर्णय किया था। जेटली ने हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के पांच अन्य नेताओं के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय और पटियाला हाउस अदालत में दीवानी और आपराधिक मानहानि के मामले दायर किये हैं। भाजपा जेटली के पीछे मजबूती से खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि वह बेदाग होकर सामने आएंगे। अमित शाह ने भी यह कहकर उनका समर्थन किया कि पार्टी उनके साथ एकजुट है।