इंदौर। अलनीनो के कारण इस बार सर्दी के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। रात में सर्द हवा जहां कंपकंपी छुटाएगी, वहीं दिन में तेज धूप गर्मी का एहसास कराएगी। ऐसा पूरे दिसंबर चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर में लगातार चक्रवात की स्थिति बनी होने से प्रदेश में नमी आ रही है। इससे हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। हवा का रुख दक्षिणी होने से तापमान उछल जाता है, उत्तरी होते ही गिर जाता है।

मौसमविदें के मुताबिक जब अलनीनो का असर खत्म होगा, तभी मौसम के उतार-चढ़ाव में कमी आएगी। इस वर्ष जनवरी में तापमान कम होने की संभावना नजर आ रही है।

9.5 डिग्री पर आया रात का पारा

शनिवार को एक बार फिर उत्तरी हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दिन का तापमान सामान्य से 3 कम 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 कम 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री था। दोपहर में 18 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम केंद्र के मुताबिक, दिसंबर का औसत अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस है।