रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 35 वर्षीय महिला से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार के बाद जिंदा जलाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि जिले के छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत उरला क्षेत्र में 35 वर्षीय महिला से सामूहिक बलात्कार के बाद जलाकर मारने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने हंसराज साहू और इकबाल खान को गिरफ्तार किया है।

काम दिलाने के बहाने ले गए थे महिला को
उन्‍होंने बताया कि शहर के चितुरडीह इलाके में रहने वाली महिला कैटरिंग सेवा में काम करती है। उसे हंसराज और इकबाल काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। बाद में दोनों ने महिला के साथ उरला क्षेत्र में बलात्कार किया। जब महिला ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को देने की धमकी दी तब दोनों ने उसे जलाकर मारने की कोशिश की।

40 फीसदी जली महिला की हालत स्थिर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। जब एक महिला के जली अवस्था में उरला क्षेत्र में मिलने की जानकारी मिली तब पुलिस दल रवाना किया गया और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला 40 फीसदी जल गई है तथा उसकी हालत स्थिर है।

अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने महिला से अस्पताल में घटना के संबंध में पूछताछ की और शुक्रवार शाम दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हंसराज को उरला क्षेत्र से तथा इकबाल को धमधा नाका क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।