उज्जैन: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सिंहस्थ वर्षों से आयोजित होता आया है, इसका एक गौरवशाली इतिहास व परम्परा है। यह पर्व सम्पूर्ण उज्जैन वासियों का है इसे समाज के सभी वर्ग व धर्म के लोगों को आगे आकर सेवा भाव से मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उज्जैन के एक-एक नागरिक के सहयोग से आनन्द के साथ सिंहस्थ सफल होगा। हम कोई कसर नहीं छोडेंगे। मुख्यमंत्री ने साथ ही कहा कि सिंहस्थ के दौरान वैचारिक कुम्भ आयोजित हो रहा हे। इसी के साथ कृषि कुम्भ के आयोजन पर भी विचार जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बातें सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष माखनसिंह के कार्यभार ग्रहण के बाद कोठी रोड पर आयोजित सभा में कही। उन्होंने कहा कि कुम्भ के दौरान 12,13 एवं 14 मई 2016 को वैचारिक कुम्भ का आयोजन किया जायेगा। जिससे मानव कल्याण पर चर्चा कर संत और विद्वान जो मार्ग प्रशस्त करेंगे उसका संदेश विश्वभर में पहुंचाया जायेगा। वैचारिक कुम्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विचार भी आया है कि सिंहस्थ के दौरान कृषि महाकुंभ भी आयोजित किया जाये, जिससे शून्य बजट पर खेती, आर्गेनिक फार्मिंग व उन्नत कृषि तकनीक का उपयोग करने के लिए देश विदेश के कृषि विज्ञानी एकत्रित होकर विचार मंथन करें। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष माखनसिंह एक कुशल संगठक है और वे संतों में श्रद्धा रखते है तथा संत उन पर विश्वास करते है। इसलिए सिंहस्थ के दौरान श्रेष्ठ समन्वय देखने को मिलेगा।

आलोचना सरल काम करना कठिन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसी भी काम को करना कठिन होता है किंतु उसकी आलोचना सरल होती हे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय अधिकारी परिश्रम से सिंहस्थ के कार्य कर रहे हैं। यह सबका काम है अत: समाज के सभी वर्ग सहयोग प्रदान करें। प्रति सप्ताह शहर में स्वच्छता अभियान चलायें मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये है कि उज्जैन शहर की जनता, यहां के स्थानीय मंत्री पारसजैन, प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह के साथ मिलकर प्रति सप्ताह स्वच्छता अभियान चलायें। इस अभियान में प्रतिसप्ताह राज्यशासन के एक नये मंत्री भी शामिल होंगे। इस तरह इस अभियान से उज्जैन शहर को तीन लोक से न्यारी नगरी बनाने का प्रयास किया जायेगा।

उज्जैन की हर गली में श्रद्धालुओं का स्वागत होगा-माखन सिंह
 सिंहस्थ में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारे लिए पूजनीय है। उज्जैन निवासी अपने जन्म को सार्थकता प्रदान करते हुए शहर की प्रत्येक गली में आने वाले श्रद्धालु का स्वागत करेंगे। हमें यह सुअवसर सौभाग्य से प्राप्त हो रहा है। सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष माखनसिंह ने यह बात आज अपने पदभार ग्रहण के बाद आयोजित समारोह में कही। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने समाज को एक नई धारा देने का प्रयास किया है। वसुधैव कुटुम्बकम के भाव को लेकर देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का सहयोग करते हुए सिहंस्थ को सफल बनायेंगे। सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू ने कहा‍ कि सिंहस्थ की चिंता स्वाभाविक रूप से शहर के प्रत्येक नागरिक को है, किन्तु वरिष्ठजनों के मागदर्शन एवं स्थानीय प्रयासों से सभी कार्य समय पर पूर्ण हो जायेंगे। कार्यक्रम के अंत में मेला अधिकारी अविनाश लवानिया ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन, अरविंद मेनन, विधायक डॉ.मोहन यादव, दिलीप सिंह शेखावत, अनिल फिरोजिया, सतीश मालवीय, बहादुर सिंह चौहान, महापौर मीना जोनवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, सोनू गेहलोत, इकबालसिंह गांधी, श्याम बंसल सहित गणमान्य अतिथि एवं अधिकारीगण मौजेद थे।