इंदौर। पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर हुई जमकर खरीदारी के बाद रूप चौदस पर सजावट और महालक्ष्मी पूजन से जुड़े सामान के बाजार में जबरदस्त खरीदारी की बारी थी। लोगों का मजमा धानी, बताशे, गन्नो, झाड़ू, कमल गट्टे, मखाने, फल, सिंगाड़े की दुकानों पर लगा हुआ था। राजवाड़ा, संजय सेतु, दशहरा मैदान के पास, मालवा मिल और विजयनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में लगी दुकानों पर दिनभर भीड़भाड़ बनी रही और खरीदारी होती रही।

मंदिरों में होगा माता का स्वर्ण श्रृंगार

दीपावली पर शहर के महालक्ष्मी मंदिरों में विभिन्न आयोजन होंगे। राजवाड़ा स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर, उषा नगर, सिलावटपुरा और मल्हारगंज में भी विभिन्ना आयोजन होंगे। महालक्ष्मी मंदिर उषा नगर के ट्रस्टी राजकुमार राठौर ने बताया सुबह अन्नपूर्णा मंदिर के महामंडलेश्वर विश्वश्वेरानंद महाराज के सान्निध्‍य में महापूजा होगी।

सिलावटपुरा मंदिर में माता का विशेष श्रृंगार कर 21 क्विंटल प्रसाद का भोग लगाया जाएगा। लक्ष्मी-व्यंकटेश मंदिर छत्रीबाग में शाम को दीप सज्जा होगी। भगवान व्यंकटेश व महालक्ष्मी का एकांत महाभिषेक दूध, दही घी, शकर, शहद, केसर और फलों के रस से भरे रजत कलशों से किया जाएगा।