तिरुअनंतपुरम : कांग्रेस के पूर्व नेता चेरियन फिलिप ने अपनी ही पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें महिलाओं को टिकट लेने के लिए संबंध बनाने पड़ते हैं। कभी पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी और सीएम ओमान चांडी के करीबी रहे फिलिप ने यह बयान अपने फेसबुक पोस्ट में दिया है। कुछ दिन पूर्व ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय निकाय चुनाव में टिकट न दिए जाने पर त्रिसुर में शर्ट उतार कर प्रदर्शन किया था।

इस प्रदर्शन का हवाला देते हुए फिलिप ने फेसबुक पर लिखा, यूथ कांग्रेस का शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना मॉडल प्रदर्शन था। अतीत में जिन महिलाओं ने इस तरह का प्रदर्शन गुपचुप तरीके से किया, उन्हें कांग्रेस का टिकट मिल गया। 2001 में विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट न दिए जाने पर उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी।

फिलिप के बयान से कांग्रेस में रोष पैदा हो गया है और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख वीएम सुधीरन ने इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष बिंदू कृष्णा ने कहा कि फिलिप ने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं का अपमान किया है।