गुरु के देवलोकगमन से शारदा पीठ के उत्तराधिकारी सदानन्द सरस्वती भावकु हैं और उनकी आंखों से आंसू छलके


भोपाल । मध्य प्रदेश की गोटेगांव तहसील के झोंतेश्वर में ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरुपानंद सरस्वती की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। जिससे यहां शंकराचार्य जी के दर्शन करने देश प्रदेश के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं का आना हो रहा है। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के ब्रह्मलीन होने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राजकीय शोक की घोषणा की। राजकीय सम्मान के साथ उन्हें समाधि दी जाएगी। सीएम शिवराज के साथ ही पूर्व सीएम कमल नाथ और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने किए अंतिम दर्शन। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मैं मध्यप्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता की ओर से शंकराचार्यजी के चरणों में प्रणाम करता हूं। मध्य प्रदेश तो आज जैसे सूना हो गया, वह सनातन धर्म के सूर्य थे। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी थे। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। हमें उन्होंने जो राह दिखाई है उस पर चलने का हम विनम्र प्रयास करेंगे। परम पूज्य शंकराचार्यजी के चरणो में शत-शत नमन, प्रणाम। यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झौंतेश्वर स्थित परमहंसी गंगा आश्रम में ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के उपरांत मीडिया से चर्चा में कही। मुख्यमंत्री चौहान के अलावा परमहंसी में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी शंकराचार्य की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें प्रणाम किया। शंकराचार्य के देवलोकगमन से हर तरफ शोक का माहौल है। जानकारी अनुसार शंकराचार्य की पार्थिव देह को भू-समाधि देने से पहले सभी पवित्र नदियों के जल व दूध से महास्नान कराया जाएगा। इसके उपरांत पालकी यात्रा कर उनको भगवती त्रिपुरसुंदरी के दर्शन कराने के बाद मंदिर के पास ही तैयार कराए गए स्थल पर विभिन्न मठों, पीठों से आ रहे विद्ववानों की मौजूदगी में शास्त्र विधि अनुसार भू समाधि दी जाएगी। शंकराचार्यजी के अंतिम दर्शन के लिए मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, छग से रविन्द्र चौबे सहित कई जनप्रतिनिधियों का आना हो रहा है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि अब तक इसकी कोई अधिकृत सूचना नही आई है।


दंडी स्वामी सदानंद के छलके आंसू
अपने गुरु के देवलोकगमन से शारदा पीठ के उत्तराधिकारी सदानन्द सरस्वती भावकु हैं और उनकी आंखों से आंसू छलके। मीडिया से बातचीत में दंडी स्वामी ने कहा गुरु तत्व सदैव विद्यमान रहता है। वह हम सबके ह्रदय में हमेशा रहेंगे। उनकी कमी की पूर्ति कोई नहीं कर सकता। उनके द्वारा दिए गए उपदेशों और शिक्षा के मार्ग पर चलकर देश को आध्यात्मिक उत्थान के मार्ग पर ले जाने का जारी प्रयास जारी रहेगा। वहीं ज्योतिष पीठ के उत्तराधिकारी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि देश के सभी मठों से प्रतिनिधि परमहंसी आश्रम आ रहे हैं। स्वामी स्वरूपानंद जैसी विभूति दूसरी नहीं हो सकती।