• कहा, रामकृष्ण मिशन के स्वामी नित्य ज्ञानानंदजी महाराज ने
  • विवेकानंद केंद्र में विश्व बंधुत्व दिवस पर विशेष व्याख्यान

भोपाल। 11 सितंबर 2022 । रामकृष्ण मिशन, भोपाल के सचिव स्वामी नित्य ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा है कि जब भारत के हिंदू समाज में बंधुत्व स्थापित हो जाएगा, तभी हम विश्व बंधुत्व की स्थापना कर सकेंगे। स्वामी विवेकानंद के विश्व बंधुत्व को कायम करने का सपना भी हम तभी पूरा कर पाएंगे। स्वामी जी आज शाम यहां विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, मध्य प्रांत के प्रांतीय कार्यालय में विश्व बंधुत्व दिवस पर आयोजित विशेष व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे।
इसका आयोजन विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, मध्य प्रांत की भोपाल शाखा ने किया। कार्यक्रम में स्वामी जी मुख्य वक्ता थे और मुख्य अतिथि थे मप्र भोज मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जयंत सोनवलकर। अध्यक्षता की केंद्र के प्रांत सह संचालक रामभुवन सिंह कुशवाह ने। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मालती राय और विधायक पीसी शर्मा खासतौर से सम्मिलित हुए। स्वामी विवेकानंद द्वारा शिकागो में वर्ष 11 सितंबर 1893 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय धर्मसंसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की स्मृति में पूरी दुनिया में विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में डॉ जयंत सोनवलकर ने स्वामी जी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके कहे अमृत वचन आज भी प्रासंगिक हैं, जिन पर हमें दृढ़ता के साथ चलना होगा। रामभुवन सिंह कुशवाह ने बताया कि जिस प्रकार स्वामी जी ने शिकागो में भारत के आध्यात्मिक पक्ष के बारे में विस्तार से बताया, उसके बाद से भारत को देखने की दुनिया की दृष्टि ही बदल गई। प्रांत सह संपर्क प्रमुख मनोज गुप्ता ने विवेकानंद कन्याकुमारी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद्यमश्री विभूषित निवेदिता दीदी के इस अवसर पर जारी विशेष पत्र का वाचन किया। कार्यक्रम का संचालन नगर संपर्क प्रमुख पंकज पाठक ने किया और प्रांत कार्यालय प्रमुख गोविंद खांडेकर ने आभार माना।
कार्यक्रम का प्रारंभ धार्मिक पण्ड्या द्वारा तीन ओमकार मंत्र से हुआ, तत्पश्चात उन्होंने भारत-महिमा का गीत गायन किया। केंद्र के युवा प्रमुख डॉ जीतेंद्र गुप्ता ने वक्ताओं का परिचय दिया। प्रतीक शर्मा ने विवेक वाणी प्रस्तुत की। विभाग संचालक एडवोकेट बृजकिशोर सांघी, नगर प्रमुख मनोज पाठक और नगर व्यवस्था प्रमुख सूरज सिंह चौहान ने श्रीफल और विवेकानंद साहित्य अतिथियों को भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में आध्यात्मिक चिंतक पं शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ साहित्यकार विनोद नागर, क्रांतिकारियों पर लिखने वाले जानेमाने रचनाकार धर्मेंद्र सरल, भाजपा प्रवक्ता डॉ सत्येंद्र जैन, वरिष्ठ लेखक डॉ महेश परिमल एवं वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक शर्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक तथा प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी भोपाल कार्यालय में स्वरूपानंद जी को श्रद्धांजलि


ज्योतिषपीठ द्वारिका-शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज के निधन पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, भोपाल में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और कुछ क्षण के लिए मौन धारण किया गया।