भरत यादव को आयुक्त नगरीय विकास बनाया गया
आयुक्त नगरीय विकास निकुंज श्रीवास्तव को प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी किया पदस्थ
संचालक पंचायत राज आलोक कुमार सिंह को बनाया मार्कफेड का प्रबंध संचालक

भोपाल । सरकार ने बुधवार को 10 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव को प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी बनाया गया है। वे सात माह पहले प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत हुए थे लेकिन उनकी पदस्थापना नगरीय विकास विभाग में यथावत रखी गई थी। अब उनके स्थान पर भरत यादव को आयुक्त बनाया गया है। गृह निर्माण मंडल के आयुक्त का उनके पास अब अतिरिक्त प्रभार रहेगा। वहीं, संचालक पंचायत राज आलोक कुमार सिंह को प्रबंध संचालक राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रमुख सचिव कुटीर एवं ग्रामोद्योग स्मिता भारद्वाज को मानव अधिकार आयोग का सचिव बनाया है। आलोक कुमार सिंह के मार्कफेड में प्रबंध संचालक का कार्यभार ग्रहण करने पर पी नरहरि इस दायित्व से मुक्त होंगे। वे सचिव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के साथ आयुक्त उद्योग रहेंगे। सूत्रों के अनुसार सरकार इस समय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योगों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है। इस काम को गति देने के लिए यह परिवर्तन किया गया है। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अमित राठौर को प्रशासकीय सदस्य राजस्व मंडल ग्वालियर, सचिव मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग शोभित जैन को सदस्य सचिव राज्य खाद्य आयोग, सदस्य सचिव खाद्य आयोग अलका श्रीवास्तव को रजिस्ट्रार राज्य उपभोक्ता प्रतितोषण विवाद आयोग, अमर पाल सिंह अपर सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास को संचालक पंचायत राज और वीरेन्द्र कुमार सचिव राजस्व मंडल ग्वालियर को उप सचिव शासन पदस्थ किया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मंत्रालय और मैदानी स्तर पर तबादले अभी और होंगे।

सवा दो साल बाद मनु श्रीवास्तव की भोपाल वापसी
भाजपा सरकार आने के बाद मई 2020 में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया था। इसमें तत्कालीन प्रमुख सचिव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मनु श्रीवास्तव को राजस्व मंडल का सदस्य बनाकर ग्वालियर भेजा गया था। सवा दो साल बाद श्रीवास्तव की वापसी मंत्रालय में हुई है। उन्हें प्रमुख सचिव कुटीर एवं ग्रामोद्योग बनाया गया है।