मध्य प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार को 18 साल के एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया। उसने कथित तौर पर 4 सिक्योरिटी गार्ड्स की हत्या कर दी थी। आरोपी मशहूर होना चाहता था। शाम को उसे स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया और एक दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। टीनेजर की पहचान शिवप्रसाद धुर्वे के तौर पर हुई है। वह सोते हुए सिक्योरिटी गार्ड को निशाना बनाता था। उसने सागर में तीन और भोपाल में एक गार्ड की हत्या की थी। 

आरोपी ने इस हफ्ते की शुरुआत में पहली तीन हत्याएं 72 घंटे के अंदर की थीं। जबकि पुलिस द्वारा भोपाल से गिरफ्तार किए जाने के चंद घंटों पहले चौथा शिकार किया था। पुलिस ने 18 साल के आरोपी को जब कोर्ट में पेश किया तो उसने विक्ट्री साइन (विजय का चिन्ह) दिखाया। सफेद कपड़े से अपना चेहरा और सिर ढककर वह कोर्ट परिसर में दाखिल हुआ और दो पुलिसकर्मियों के बीच में बैठा।

एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि अदालत ने उसे हत्याओं से जुड़े मामले में एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। कोर्ट ने कहा कि वे अन्य मामलों में भी उसकी रिमांड की मांग करने वाले हैं। सागर के पुलिस अधीक्षक तरुण नायक ने कहा कि धुर्वे ने चार हत्याओं की बात कबूल की है, वह सोशल मीडिया से प्रभावित है और प्रसिद्ध होने के लिए ऐसा कर रहा था।