जयपुर : नगरपालिका चुनाव नतीजे घोषित होने के साथ ही सियासी आरोप-प्रत्यारोपों का सिलसिला चल पड़ा है।  हालाँकि इस बीच दोनों ही पार्टियों ने जनादेश को लेकर मतदाताओं का आभार भी प्रकट किया है।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर नगरपालिका चुनाव में भाजपा के पक्ष में दिए जनमत के लिए प्रदेश की जनता का आभार जताया है।

मोदी ने इस जीत के लिए प्रदेश भाजपा पार्टी और उसके तमाम नेताओं-कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी है।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी किया ट्वीट

भाजपा की ओर से खुद सूबे की मुखिया मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जनता का आभार जताया है, तो वहीं कांग्रस पार्टी से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी नतीजों पर संतोष जताया है।  इन दोनों नेताओं ने ट्विटर के ज़रिये अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर नगर पालिका चुनाव में भाजपा को दिए जनादेश के लिए मतदाताओं का आभार जताया है। राजे ने ट्वीट कर कहा कि हमेशा की तरह यह विजय भी जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं की विजय है।

राजे ने ट्वीट में ये भी लिखा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को अपार समर्थन देकर मौजूदा सरकार के सुशासन पर एक बार फिर मुहर लगा दी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी ट्वीट के ज़रिये साधा निशाना

उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी ट्विटर के ज़रिये चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है। प्रतिक्रिया के साथ ही पायलट ने भाजपा पर निशाना भी साधा है।

पायलट ने कहा कि जिस माध्यम वर्ग के वोट बैंक को लेकर भाजपा आशान्वित थी, उस तबके ने कांग्रेस को वोट देकर भरोसा जताया है।

पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मेहनत रंग लाई है और मुख्यमंत्री राजे को उनके गृह क्षेत्र और अन्य प्रभाव में आने वाले इलाकों में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है।