गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों ने बिहार को जंगलराज में तब्दील कर दिया। और बिहार के सपने-सपने चूर कर दिए।

गया केे गांधी मैदान पर आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं लोकसभा के चुनाव के दौरान गया आया था और इसी मैदान में आया था। लेकिन उस सभा में तो इसके आधे लोग भी नहीं आए थे लेकिन आज तो उसके डबल से भी ज्यादा लोग आए हैं ये संकेत है बदलाव का।

मोदी ने कहा कि भीड़ देखकर हवा का रुख पता चल रहा है। अपार भीड़ से उत्साहित मोदी ने कहा कि चुनाव बहुत जल्द आ रहे हैं और मैं देेख रहा हूं कि बिहार की जनता ने दो फैसले कर लिए हैं। एक निणर्य बिहार का विकास और नया बिहार बनाने का निर्णय है तथा दूसरा निर्णय है परिवर्तन का। 25 साल से जिनके हर जुल्म और अहंकार को झेला है।

 उन सबसे मुक्ति के लिए ये चुनाव आने वाला है। 25 साल हो गए, इन्हीं लोगों ने बिहार पर राज किया। आज जैसे 25 साल बीते हैं और अगर आगे भी ये लोग जीतेंगे तो लोग बर्बाद हो जाएंगे, युवा बेरोजगार हो जाएंगे। इसलिए अगर आपको विकास चाहिए तो इस जंगलराज से मुक्ति जरुरी है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास की शुरुआत बिहार से होती है।

ऐसी कोई चीज नहीं है जिसका जिक्र बिहार के बिना होता है ऐेसी महान और पावन भूमि का सपना  सत्ता में बैठे लोगोंं ने चूर-चूर किया है। आज देश का कोई ऐसा राज्य नहीं है जहां बिहार के लोग आईएएस और आईपीएस न हो। उन्होंने कहा कि अब विकास होगा क्योंकि अब दिल्ली बिहार के साथ है। जिस जनता ने लोकसभा चुनाव में मुझ पर इतना प्यार बरसाया।

उसका ब्याज मैं विकास के रूप में चुकाना चाहता हूं। मोदी ने कहा कि आप पांच साल के लिए बिहार हमें दे दो हम इसे पांच साल के भीतर बीमारु प्रदेश से बाहर निकाल देंगे। सभा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी संबोधित किया।

इससे पहले नक्सलियों की ओर बिहार बंद के मद्देनजर रैली स्थल के आसपास सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए थे। रैली पर नजर रखने के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे, 40 मेटल डिटेक्टर और पांच हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।

रेलवे ने भी मुगल सराय डिवीजन को हाई अलर्ट जारी किया है। इससे पहले नक्सलियों की ओर से किए गए बंद को लेकर बीजेपी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा । केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि नक्सलियोंं के बंद के पीछे नीतीश कुमार और लालू यादव का हाथ है। इससे पहले मोदी सरकार के कई मंत्री पिछले कई सप्ताह से रैली को तैयारियों को लेकर बिहार में डाले हुए थे।