जयपुर। केन्द्रीय खान एवं इस्पात मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि आपातकाल इतिहास का काला अध्याय था। तोमर जयपुर शहर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आपातकाल के 40 वर्ष पूर्ण होने पर आपातकाल विषयक संगोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आपातकाल में कांग्रेस सरकार द्वारा मानवीय अधिकारों का हनन हुआ। आपातकाल की घटनाओं को याद किया जाए तो ऐसा लगता था कि जिन तीन लाख लोगों को देश की जेलों में बन्द कर दिया गया था वो कभी स्वतन्त्र भी हो जाएगें या नहीं यह सोचना ही लोमहर्षक घटना थी।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतन्त्र का गला घोंटा गया। वह कांग्रेस आज लोकतन्त्र की बात करती है जबकि कांग्रेस ने पूरे देश की जड़ो को खोखला किया है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आपातकाल के भीषणतम काल में पार्टी के जिन नेताओं ने संघर्ष करते हुए उसका सामना किया और ये उन्हीं की मेहनत का परिणाम है कि आज भाजपा केन्द्र में सबसे बड़े दल के रूप में अपनी सरकार चला रही है और पूरे देश को विश्वगुरू के स्थान पर स्थापित करने का कार्य कर रही है।