नई दिल्ली : एक महिला पर ईंट से हमला करने के मामले में बर्खास्त दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल को अदालत ने आज जमानत देते हुए कहा कि इस मामले में दूसरा पहलू भी है और महिला द्वारा लगाए गए रिश्वत के आरोपों के पक्ष में कोई साक्ष्य नहीं हैं। महिला ने कांस्टेबल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।

इससे पहले अदालत ने 12 मई को बर्खास्त कांस्टेबल सतीश चंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। उसे 11 मई को निलंबित किया गया था लेकिन बाद में उसे तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया। मध्य दिल्ली के गोल्फ लिंक इलाके में 2 बच्चों के साथ एक महिला पर ईंट से हमला करने का सी.सी.टी.वी. फुटेज वायरल होने के बाद चंद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।