मुंबई : रविवार के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आयोजित एक रंगारंग समारोह में 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। इस समारोह में जाने-माने फिल्म अभिनेता शशि कपूर को इस वर्ष का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया गया है। हालांकि वह बीमार होने के चलते खुद पुरस्कार लेने नहीं आ सके। अब मुंबई में उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बालीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया।

इस वर्ष फीचर फिल्म की श्रेणी में 45 पुरस्कार व गैर फीचर फिल्म की श्रेणी में 21 पुरस्कार दिए गए हैं। समारोह में विजेताओं के साथ ही कई स्थानीय भाषाओं की फिल्मी हस्तियों ने शिरकत की। सुखविंदर सिंह को फिल्म हैदर के लिए श्रेष्ठ पुरुष पा‌र्श्व गायक व तमिल फिल्म सैवम के लिए उत्तरा उन्नीकृष्णन को श्रेष्ठ पा‌र्श्व गायिका का पुरस्कार मिला है।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शशि कपूर को जीवित किवदंती’ बताया। उन्होंने कहा ‘सिनेमा में उनका गहरा और विविधतापूर्ण योगदान है,वह सचमुच जीवित किवदंती हैं। उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं जीवन की कामना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा ‘शशि कपूर अपने पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राज कपूर के बाद कपूर परिवार में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार प्राप्त करने वाले तीसरे व्यक्ति हैं। मेरी शुभकामनाएं इस परिवार के साथ हैं जिसने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अरूण जेटली ने पुरस्कार के लिए शशि कपूर को बधाई दी।जेटली ने कहा ‘‘उनके प्रतिभाशाली परिवार का भारतीय सिनेमा में गहरा योगदान रहा है और शशि कपूर ने सार्थक फिल्में बना कर तथा प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन्स में अभिनय कर अनूठा काम किया है।