भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में रविवार सुबह मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

जानकारी के अनुसार प्रदेश में रविवार सुबह से आसमान में बादलों में आवाजाही देखी जा रही है। धूप चुभनभरी महसूस हुई। हवाएं गर्म बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान शहडोल व रीवा संभाग में हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त शेष स्थानों पर मौसम शुष्क ही रहेगा।

राज्य के तापमान में उतार चढ़ाव का दौर बना हुआ है। राजधानी भोपाल में रविवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री, इंदौर में 22.2 डिग्री, ग्वालियर में 23.3 डिग्री और जबलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शनिवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री, इंदौर में 39.5 डिग्री, ग्वालियर में 40.8 डिग्री और जबलपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।