नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की विधायक राखी बिड़लान की भाभी ने अपने पति पर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने जिन मुद्दों पर चुनाव लड़ा, उनमें महिला सुरक्षा प्रमुख था। इसके बावजूद आप सरकार में पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री राखी बिडलान के परिवार में ही महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

राखी बिडलान के भाई और 'आप' के युवा नेता विक्रम पर उनकी पत्नी प्रियंका ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने रोहिणी दक्षिण पुलिस थाने में अपनी शिकायत दर्ज करई है। शिकायत में विक्रम पर बेल्ट से पीटने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि महिला के बदन पर कई जगह चोट के निशान भी हैं। पुलिस पीड़ित महिला का मेडिकल जांच करवा रही है।

राखी बिडलान की भाभी का आरोप है कि विक्रम अक्सर उनके साथ मारपीट करता है, लेकिन जब से राखी विधायक बनी है विक्रम के हौसले बढ़ गए हैं और मारपीट की घटना भी बढ़ गई है। प्रियांका का आरोप है की उसके पति विक्रम के कई लड़कियों से अवैध सबंध हैं। ऐसे में जब कभी वह इस पर एतराज जताती है, विक्रम उसकी पिटाई करता है। प्रियंका का कहना है कि उसके पास विक्रम का स्टिंग है, जिसमें उसके अवैध रिश्ते साबित होते हैं। प्रियंका का कहना है कि वह इस जुल्म को और बर्दाश्त नहीं करेंगी। प्रियंका पुलिस के साथ ही मामले की शिकायत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी करेंगी।