लखनऊ । केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने अजीबो गरीब बयान देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दलित लड़की से शादी करने की सलाह दे डाली। उन्होंने कहा कांग्रेस यदि सचमुच धर्मनिरपेक्ष है और जाति व्यवस्था खत्म करना चाहती है तो राहुल को दलित लड़की से शादी करनी चाहिए। शादी करने से उनका दिमाग भी स्थिर हो जाएगा। इसके बाद वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ज्यादा हमलावर नहीं होंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि आगामी 18 दिसंबर को लखनऊ में रैली कर ताकत दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आरपीआइ) एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाएगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा के महामंत्री संगठन सुनील बंसल शामिल रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बुधवार को यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश के दलित मतदाताओं को उनकी पार्टी से आस है। ब्राह्मण समाज को भी जोड़ने की उनकी पार्टी प्रयास कर रही है। इसी के तहत आरपीआई ब्राह्मण सम्मेलन भी कर रही है। कृषि कानूनों पर उन्होंने कहा कि किसानों ने नरेन्द्र मोदी को पीएम बनाया वह भला उनके खिलाफ कानून क्यों बनाएंगे। तीनों कृषि कानून किसानों के फायदे के लिए हैं। इन्हें वापस नहीं लिया जा सकता। वापस लेने पर अन्य कानूनों को भी वापस लेने की मांग होती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि कानून में सुधार के लिए तैयार है।