भिवानी : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज हरियाणा की भाजपा सरकार से अपील की कि जिन किसानों की फसलें बेमौसम बारिश से नष्ट हो गई हैं उन्हें तत्काल मुआवजा देने की व्यवस्था करे।

हरियाणा की उनकी यात्रा किसानों के मुद्दों पर पार्टी द्वारा विशेष ध्यान दिए जाने और राजग सरकार के विवादास्पद भूमि अधिग्रहण अध्यादेश पर पार्टी के कड़े विरोध के बीच हुई है। इस विवादास्पद अध्यादेश के मुद्दे पर विपक्षी दल एक मंच पर आ गए हैं।

सोनिया गांधी ने भिवानी जिले के भद्रा गांव में अपनी यात्रा के दौरान कहा, ‘वे क्या चाहते हैं? वे बस राहत चाहते हैं। मैं सरकार से इन किसानों को समय से उचित मुआवजा देने की अपील करती हूं। यही, सरकार की जिम्मेदारी भी है।’ गांधी राज्य की अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान गुरवारा गांव भी जाएंगी, जो कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के संसदीय क्षेत्र रोहतक में पड़ता है।

बाद में वह करनाल के अलावा रोहतक के सुरखपुर, जक्खाला रोड, गुडियानी, मुबारिकपुर चौक और रत्तनथल गांव भी जायेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने शुक्रवार को राजस्थान के कोटा जिले के गांवों का दौरा किया था जहां वह किसानों से मिलीं। उन्होंने मौसम की दुष्वारियों के चलते अपनी फसलें और पशुधन का नुकसान उठाने वाले किसानों का दुखदर्द साझा किया।

सोनिया गांधी ने कहा कि किसानों ने उन्हें बताया कि जब हुड्डा की अगुवाई वाली सरकार सत्ता में थी, तो उन्हें समुचित मुआवजा मिलता था। कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा कांग्रेस महासचिव शकील अहमद, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर भी थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि नुकसान का सर्वेक्षण और आंकलन करने केंद्र से एक टीम हरियाणा आएगी।