नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मन की बात कार्यक्रम की अगली कड़ी में किसानों को संबोधित करेंगे, जिसे 22 मार्च को आकाशवाणी पर प्रसारित किया जाएगा। यह जानकारी आज एक आधिकारिक बयान जारी कर दी गई। आकाशवाणी पर 22 मार्च को सुबह 11 बजे इसे प्रसारित किया जाएगा। 'मन की बात' कार्यक्रम की यह छठी कड़ी होगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के नागरिकों से अपने विचार साझा करते हैं। इस बार वह किसानों व उनसे जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे।

बयान के मुताबिक, मोदी ने इस संबंध में लोगों से विचार और सुझाव भी मांगे हैं। जो भी लोग इस विषय पर अपने विचार और सुझाव देना चाहते हैं वे 'माईजीओवी डॉट इन' पर अपने विचार साझा कर सकते हैं। 'मन की बात' कार्यक्रम की पहले की पांच कड़ियों में प्रधानमंत्री ने विभिन्न विषयों पर लोगों से सीधे बातचीत की। उन्होंने लोगों के दिल के करीब के मुद्दों जैसे स्वच्छ भारत अभियान, खादी को प्रोत्साहन, कौशल विकास, विकलांग बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, शिक्षण संस्थानों के लिए बुनियादी सुविधाएं और नशे की समस्या पर अधिक जोर दिया है।

इस कार्यक्रम की पिछली कड़ी 22 फरवरी को प्रसारित की गई थी जिसमें प्रधानमंत्री ने परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से तनाव व चिंता त्यागकर सकारात्मक रुख रखने के लिए कहा था। मोदी इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ भी लोगों को संबोधित कर चुके हैं। जनवरी में बराक ओबामा के भारत के आधिकारिक दौरे पर दोनों नेताओं ने देश की जनता को विभिन्न मुद्दों पर संबोधित किया था।

इस कार्यक्रम का आकाशवाणी और दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण होता है। इसके अलावा इस कार्यक्रम को रेडियो पर विविध भारती, एफएम गोल्ड और एफएम रेन्बो पर भी सुना जा सकता है। प्रधानमंत्री की आधिकारिक वेबसाइट पीएमइंडिया डॉटजीओवी डॉट इन पर भी इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।