मुंबई। मुंबई के वर्सोवा घाट पर रविवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान तीन लड़कों के समुद्र में डूबने की खबर है, जबकि उनके साथ आए दो अन्य को बचा लिया गया। फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उसने कहा कि हमें घटना के बारे में रात 9 बजे के आसपास एक काल आया और हम आधे घंटे में मौके पर पहुंच गए। हमें बताया गया कि पांच लड़के भगवान गणेश की मूर्ति को विसर्जित करने के लिए समुद्र में गए थे। लेकिन हमारी टीम के वहां जाने से पहले उनमें से दो को वहां मौजूद लोगों और कुछ स्थानीय निवासियों ने बचा लिया था।
अधिकारी ने बताया कि बचाए गए लड़कों को कूपर अस्पताल ले जाया गया। उसने बताया कि तीन लड़के अभी भी लापता हैं, और लाइफगार्ड और बाढ़ बचाव दल के सदस्यों की मदद से तलाशी अभियान जारी है। बचाव अभियान के लिए एलइडी लाइट और एक फेरी बोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि नौसेना के गोताखोरों की मदद मांगी गई है, उन्होंने कहा कि एक दमकल इंजन, एक नाव, कुछ लाइफगार्ड और अन्य कर्मी मौके पर मौजूद हैं।