भोपाल कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के BJP और RSS पर दिए गए बयान पर बवाल बढ़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी इच्छाधारी हिंदू हैं, वे सुविधा के अनुसार टोपी पहनते और टीका लगाते हैं, धार्मिक पर्यटन पर जाते हैं और धार्मिक पर्यटन पर जाने के बाद इस तरह की बात करते हैं। RSS पर की गई उनकी टिप्पणी पीड़ादायी है। FIR के लिए कानूनी विशेषज्ञों से राय ली जा रही है।

वहीं, भोपाल हुजूर विधानसभा क्षेत्र से ‌BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने गुरुवार को राहुल गांधी के खिलाफ अरेरा हिल्स थाने में FIR दर्ज करने के लिए पुलिस के सीनियर अधिकारियों को शिकायत पत्र दिया। शर्मा ने कहा कि हिंदुस्तान की जनता हिंदू देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी होगी।

राहुल गांधी ने बुधवार को कहा था कि BJP और RSS असली हिंदू नहीं हैं। वे लक्ष्मी और दुर्गा का अपमान करते हैं। उनके इस बयान के बाद से मध्यप्रदेश में भाजपा नेता उन पर पलटवार कर रहे हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा ने बुधवार को कहा था कि राहुल गांधीजी, आप भी हिंदू नहीं हैं। आपके पूर्वज भी हिंदू नहीं थे। हमें खुद को हिंदू कहने में शर्मिंदगी का अहसास नहीं होता। जब नेहरू प्रधानमंत्री थे, तभी देश का विभाजन हुआ था। हजारों हिंदुओं की मौत हुई थी। आपको तो शुक्रगुजार होना चाहिए कि RSS अस्तित्व में आया।

बोले- आपकी मां और बहनोई भी ईसाई हैं

BJP विधायक ने कहा कि राहुल गांधी की मां (सोनिया गांधी) ईसाई हैं। उनके बहनोई भी ईसाई हैं। लगता नहीं है कि राहुल गांधी में हिंदू खून है। उन्होंने कहा कि भाजपा डंके की चोट पर हिंदुओं की बात और काम करती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं होते तो अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं होता। कश्मीर में धारा 370 नहीं हटती। शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि आपके (राहुल गांधी) पुरखों ने मठ और मंदिर तुड़वाए। उनके शासनकाल में पाकिस्तान के नारे लगवाए गए।