नूयॉक| अल कायदा सरगना अयमान अल जवाहिरी का एक नया वीडियो सामने आया है। यह वीडियो अमेरिका में 9/11 हमलों की 20वीं बरसी के मौके पर सोशल मीडिया पर नजर आया है। पिछले साल दिसंबर में जवाहिरी की मौत की खबर आई थी। तब कहा गया था कि वो बहुत बीमार था और इसी के चलते उसकी मौत हो गई।
अमेरिकी इंटेलिजेंस ग्रुप ने दी जानकारी
जिहादी ग्रुपों की ऑनलाइन एक्टिविटीज पर नजर रखने वाले अमेरिकी संगटन साइट (SITE) इंटेलिजेंस ग्रुप ने जवाहिरी के नए वीडियो की जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि जवाहिरी ने अपने वीडियो में कई मुद्दों पर बात की है।
साइट की डायरेक्टर रीटा कैज ने सोशल मीडिया पर कहा- जवाहिरी की मौत के बारे में कई खबरें सुनी गईं थीं। वो 60 मिनट के नए वीडिया मे नजर आया है। अब हमारे सामने सबूत हैं कि वो जिंदा है।
रशियन बेस पर हमले का जिक्र
रीटा के मुताबिक, 1 जनवरी को सीरिया में रूस के मिलिट्री बेस पर हमला किया गया था। जवाहिरी ने नए वीडियो में बताया है कि यह हमला अल कायदा के ही एक सहयोगी संगठन हुरास अल दी ने किया था। इस वीडियो क्लिप की शुरुआत में जवाहिरी की रक्षा का आह्वान किया गया है। खास बात यह है कि इसमें तालिबान की भी कुछ क्लिप्स हैं। अफगानिस्तान में तालिबान की जीत को अल कायदा की ही जीत बताया गया है।
कुछ और वीडियो जारी होंगे
अल कायदा के मीडिया विंग ने कहा है कि वो जल्द ही कुछ और वीडियो और किताबें जारी करेगा। इसमें से एक किताब अल जवाहिरी की लिखी होगी। आतंकवादी घटनाओं पर नजर रखने वाले पश्चिमी विशेषज्ञों का मानना है कि तालिबान और अल कायदा के बीच अच्छे और करीबी रिश्ते हैं। अल कायदा तो पहले भी अपने बयानों में इसका जिक्र भी कर चुका है। ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद जवाहिरी को अल कायदा की कमान सौंपी गई थी। हालांकि, 2001 के बाद अमेरिका ने इस आतंकी संगठन की कमर तोड़ दी थी।