
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के गढ़ राजगढ़ में बुधवार को पहली बार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हो रही है। राजगढ़ के संस्कृति होटल में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम 4 बजे शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीड़ी शर्मा और भाजपा संगठन प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक को लेकर पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव ने कहा कि राजगढ़ में भाजपा संगठन मजबूत है। संगठन को और कैसे मजबूती मिले, इसे लेकर बैठक में मंथन होगा। इसके अलावा आगामी चुनावों को लेकर भी इसमें बात होगी। बैठक शुरू होते ही 55 पदाधिकारियों को छोड़कर सभी को बाहर जाने को कह दिया गया।
बड़े दिग्गज मंगलवार को ही राजगढ़ पहुंच गए थे
बैठक को लेकर होटल को खास तरीके से सजाया गया है। नाश्ते के बाद लगभग सुबह 11 बजे से बैठक शुरू हुई। दो दिन पहले ही भाजपा ने बैठक के लिए राजगढ़ को चुना था। जिसके बाद से भाजपा तैयारियों में जुट गई थी। राजगढ़ में पहली बार होने वाली इस प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश के कई बड़े दिग्गज शिरकत करने के लिए मंगलवार को ही राजगढ़ पहुंच गए थे।
प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सीएम तक बैठक में
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, मध्य प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मध्य प्रदेश सहसंगठन मंत्री हितानंद शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश सहित प्रदेशभर के 55 पदाधिकारी शामिल हैं।
पहली बार दिग्गी के गढ़ में छाए सिंधिया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के गढ़ में पहली बार भाजपा की प्रादेशिक बैठक हो रही है। इस बैठक में भले ज्योतिरादित्य सिंधिया उपस्थित नहीं हैं, लेकिन दिग्गी के गढ़ में लगे बैनर पोस्टरों में सिंधिया छाए हुए हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए हर बैनर-पोस्टर में सिंधिया को जगह दी गई है। राजगढ़ में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में लगाए गए हर पोस्टर में सिंधिया नजर आ रहे हैं। राजगढ़ में लगे सिंधिया के पोस्टर्स लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।