भोपाल : भारतीय छात्र संसद फाऊंडेशन द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को 12 जनवरी को पुणे में कार्यक्रम में 'आदर्श मुख्यमंत्री' के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। भारतीय छात्र संसद पुणे में 10 से 12 जनवरी तक हो रही है।

समारोह में मुख्य अतिथि लोक सभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन श्री चौहान को आदर्श मुख्यमंत्री के पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फड़नवीस और केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि भारतीय छात्र संसद में देश के 450 विश्वविद्यालय के दस हजार से अधिक विद्यार्थी भाग लेते हैं। इस विशाल समागम में राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक, दर्शन, प्रशासनिक, मीडिया आदि क्षेत्रों की मूर्धन्य हस्तियाँ मार्गदर्शन देती हैं।