भोपाल : राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्म-दिवस की पूर्व संध्या पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनका पुण्य-स्मरण किया है।

राज्यपाल श्री यादव ने कहा है कि पंडित नेहरू ने बच्चों से स्नेह स्वरूप अपने जन्म-दिवस को बाल-दिवस के रूप में मनाने की पहल की थी। बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से ही जानते हैं। राज्यपाल श्री यादव ने कहा है कि वर्ष 1947 में स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने पंडित नेहरू ने भारत के पुनर्गठन के रास्ते में उभरी हर चुनौती का समझदारी से सामना किया। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित किया। उन्होंने तीन लगातार पंचवर्षीय योजनाओं का शुभारंभ किया। पंडित नेहरू की नीतियों से देश में कृषि और उद्योग का एक नया युग शुरू हुआ। पंडित नेहरू ने भारत की विदेश नीति के विकास में एक प्रमुख भूमिका निभाई।

राज्यपाल श्री यादव ने बाल दिवस पर बाल स्वच्छता मिशन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आव्हान किया है।