
सोने-चांदी की चमक फिर बढ़ने लगी है। MCX पर आज 2:30 बजे सोना 474 रुपए की बढ़त के साथ 47,773 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार आज सोना 47,758 पर पहुंच गया है। चांदी की बात करें तो MCX पर 2:30 बजे सोना 662 रुपए की बढ़त के साथ 70,661 रुपए पर ट्रेड कर रही है। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार चांदी 115 रुपए महंगी होकर 69,910 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है।
आने वाले दिनों में और महंगा हो सकता है सोना
पृथ्वी फिनमार्ट के डायरेक्टर मनोज कुमार जैन कहते हैं कि बढ़ती महंगाई और कोरोना की तीसरी लहर की संभावनाओं के चलते आने वाले दिनों में सोना और महंगा हो सकता है। इस महीने सोना 48 हजार के पार जा सकता है। वहीं दिवाली तक सोने का दाम 50 हजार पर पहुंच सकता है।
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि जुलाई के बाद अगस्त से सराफा बाजार में सोने की मांग बढ़ेगी। इससे ये साल के आखिर तक फिर 55 हजार तक जा सकता है। इसीलिए निवेशकों को इस गिरावट से घबराने की जरूरत नहीं है।
डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी के कारण सोने को मिला सपोर्ट
अमेरिका में बेरोजगारी दर 5.9% रही, जो उम्मीद से ज्यादा है। इससे रुपए के मुकाबले डॉलर कमजोर हुआ है। जिसका फायदा सोने को मिला है। आज डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी देखी जा रही है। आज डॉलर 74.44 रुपए पर आ गया है जो एक समय 75 रुपए के करीब पहुंच गया है। हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि डॉलर में ये गिरावट लम्बे समय तक नहीं चलेगी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 1800 डॉलर के ऊपर निकला
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आज सोना में अच्छी बढ़त देखी गई है। सोना आज यहां 1,805 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया है। 1 जुलाई को ये 1770 डॉलर के करीब था। एक्सपर्ट्स का मानना है के साल के आखिर तक सोना 2 हजार अमेरिकी डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।
24 कैरेट सोना होता है 99.9% शुद्ध
सोने की शुद्धता कैरेट के हिसाब से रहती है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसके आभूषण नहीं बनते, क्योंकि वो बहुत मुलायम होता है। आमतौर पर आभूषणों के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें 91.66% सोना होता है।
ऐसे समझें सोने की शुद्धता का गणित
1 कैरेट गोल्ड का मतलब होता है 1/24 गोल्ड, यदि आपके आभूषण 22 कैरेट के हैं तो 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। (22/24)x100= 91.66 यानी आपके आभूषण में इस्तेमाल सोने की शुद्धता 91.66% है।