
अहमदाबाद | भगवान जगन्नाथजी की रथयात्रा से पहले होनेवाली जलयात्रा को मंजूरी मिल गई है| आगामी 24 जून को अहमदाबाद के जमालपुर स्थित भगवान जगन्नाथजी के मंदिर जलयात्रा निकलेगी| इस वर्ष 108 कलश के बजाए केवल 5 कलश के साथ जलयात्रा के आयोजन का फैसला किया गया है| साथ ही जलयात्रा में अबकी बार कोई भजन मंडली शामिल नहीं होगी| इस वर्ष जल यात्रा में राज्य के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और गृह राज्यमंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा शामिल होंगे| जलयात्रा में 50 से भी कम लोग होंगे और वह सभी मंदिर के सदस्य होंगे| सामान्य नागरिक अबकी बार जलयात्रा में शामिल नहीं हो सकेंगे| बता दें कि प्रति वर्ष अषाढी दूज को भगवान जगन्नाथजी की रथयात्रा का आयोजन किया जाता है| कोरोना महामारी के चलते पिछले वर्ष रथयात्रा को मंजूरी नहीं मिलने से अहमदाबाद के जमालपुर स्थित भगवान जगन्नाथजी के मंदिर में ही प्रतीक रथयात्रा निकाली गई थी| राज्यभर में कोरोना की दूसरी लहर का असर धीरे धीरे कम हो रहा है| हांलाकि इस साल रथयात्रा को मंजूरी मिलेगी यह फिलहाल तय नहीं है| गृह राज्यमंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि रथयात्रा से पूर्व स्थिति को देखते हुए इसके आयोजन को मंजूरी दी जाएगी| फिलहाल तो जलयात्रा को मंजूरी मिल गई है, जो सीमित लोगों के साथ निकलेगी|