नई दिल्लीः भारत के मंगलयान का मंगल की कक्षा में एक महीने का समय पूरा होने पर गूगल अपने ढंग से जश्न मना रहा है। गूगल इंडिया ने अपने होमपेज पर मंगलयान का डूडल बनाकर मंगलयान को बधाई दी। इस डूडल में मंगलयान की तस्वीर है, जो मंगल की कक्षा में पहले ही प्रवेश कर चुका है। यान के पीछे मंगल की लाल सतह दिखाई गई है।

हालांकि यह डूडल ग्लोबल नहीं है और यह केवल भारत के लिए है। यह डूडल भारत के लिए गूगल सर्च पेज www.google.co.in और क्रोम के ब्लैंक टैब में दिख रहा है। डूडल में मंगलयान जैसा ग्राफिक लगाया गया है, जिसमें GOOGLE का भी इस्तेमाल किया गया है। इसके बैकग्राउंड में लाल छटा वाले मंगल को दिखाया गया है।

इस डूडल को क्लिक करने पर 'mangalyaan' से जुड़ा गूगल का सर्च पेज खुलता है। कुछ और भी सर्च करने पर पेज के ऊपरी बाएं कोने में यह डूडल दिखता रहता है।आमतौर पर गूगल किसी चीज के सालाना अवसर पर डूडल लगाता है। शायद यह पहला मौका है, जब गूगल किसी बात के एक महीने पूरे होने का जश्न मना रहा है।

गौरतलब है कि भारत ने 24 सितंबर को मंगलयान भेजा था। भारत का मंगल अभियान कामयाब होने के साथ ही अंतरिक्ष में उसका रुतबा काफी बढ़ गया है। भारत ऐसा पहला देश है, जिसने अपने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है। इस पर 450 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस यान का वजन 1350 किलो है। मंगल की कक्षा में यान को सफलतापूर्वक पहुंचाने के बाद भारत लाल ग्रह की कक्षा या जमीन पर यान भेजने वाला चौथा देश बन गया है। अब तक यह उपलब्धि अमरीका, यूरोप और रूस को मिली थी।