मुंबई/नई दिल्‍ली: मोदी लहर पर आरूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है और हरियाणा में कांग्रेस को बेदखल करके अपने बूते सत्ता हासिल करती दिख रही है।
महाराष्ट्र और हरियाणा में अभी कांग्रेस की सरकारें हैं, लेकिन विधानसभा चुनावों की मतगणना के अब तक प्राप्‍त रुझान के मुताबिक दोनों राज्यों में कांग्रेस की पराजय निश्चित है।

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना में अब तक आए रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भारी बढ़त बना ली है। हरियाणा में बीजेपी की जीत लगभग तय है और रुझानों में पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, महाराष्‍ट्र के रुझानों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन बहुमत से दूर है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की मतगणना में 288 सीटों पर अब तक प्राप्त रुझानों में बीजेपी 110 सीटों पर आगे चलते हुए सबसे बड़े दल के रूप में उभर रही है। वहीं, शिवसेना 53 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस 50 सीटों पर, एनसीपी 49 सीटों पर, एमएनएस 6 सीटों और अन्‍य दल 20 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

वहीं, हरियाणा में बीजेपी ने अब तक प्राप्‍त रुझानों के अनुसार बहुमत हासिल कर लिया है। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों पर बीजेपी 51 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) 16 सीटों और कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है। हजकां 3 सीट पर और अन्‍य दल 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

महाराष्‍ट्र :

- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देवेन्द्र फड़नवीस नागपुर (दक्षिण पूर्व) सीट से जीते।

- कुडाल सीट से कांग्रेस नेता नारायण राणे हारे।

-पश्चिमी महाराष्ट्र की दक्षिण कराड सीट से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी विलासकाका उंदालकर से आगे चल रहे हैं।

-बारामती से पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार आगे चल रहे हैं।

-तासगांव सीट से राज्य के पूर्व गृह मंत्री आरआर पाटिल भाजपा के अजीत घोरपड़े से पीछे चल रहे हैं।

-तटीय कोंकण की कुदाल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे शिवसेना के वैभव नाइक से पीछे चल रहे हैं।

-दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की पुत्री एवं प्रदेश भाजपा कोर समिति की सदस्य पंकजा मुंडे परली सीट पर राकांपा के धनंजय मुंडे से आगे चल रही हैं।

-महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख माणिकराव ठाकरे के पुत्र राहुल ठाकरे यवतमाल सीट पर पीछे चल रहे हैं।

-पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के पुत्र राजेन्द्र उर्फ रावसाहब शेखावत (कांग्रेस) अमरावती सीट पर पीछे चल रहे हैं।

- नंदगांव सीट पर राकांपा के वर्तमान विधायक पंकज भुजबल भी पीछे चल रहे हैं।

- नासिक मध्य सीट पर भाजपा की देवयानी परांधे मनसे के वर्तमान विधायक वसंत गीते से आगे चल रहे हैं।

 

हरियाणा :

- भाजपा विधायक दल के नेता और अंबाला केंट सीट से पार्टी प्रत्याशी अनिल विज ने कांग्रेस के निर्मल सिंह को 15,462 मतों से हराया।

- हरियाणा में बीजेपी विधायक दल के नेता और अंबाला केंट सीट से पार्टी प्रत्याशी अनिल विज ने कांग्रेस के निर्मल सिंह को 15,462 मतों से हराया।

-राज्य विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा गनौर सीट पर इनेलो के अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी से आगे चल रहे हैं।

-गनौर सीट पर शर्मा इनेलो की निर्मल रानी से आगे चल रहे हैं।

-शाहबाद (सु) सीट से इंडियन नेशनल लोक दल के राम करण भाजपा के कृष्ण पाल से आगे चल रहे हैं।

-हरियाणा के मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र प्रताप सिंह भाजपा की सीमा त्रिखा से बढकल सीट पर पीछे चल रहे हैं

-झज्‍जर सीट से कांग्रेस उम्‍मीदवार गीता भुक्‍कल जीतीं।

-इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला इलेनाबाद सीट से भाजपा के पवन बेनीवाल से पीछे चल रहे हैं।

 

गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा और हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए वोटों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। दोनों राज्‍यों में मतदान 15 अक्‍टूबर को हुआ था। हरियाणा में अब तब का सबसे अधिक 76.54 प्रतिशत मतदान हुआ वहीं महाराष्ट्र में 63.13 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। दोनों राज्‍यों के चुनाव परिणामों को लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता की पहली अहम कसौटी माना जा रहा है। एक्जिट पोल में अधिकांश सर्वेक्षणों में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया, जिसमें बहुमत से कुछ पीछे रहने की बात कही गई। महाराष्ट्र में 269 स्थानों पर 288 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती की जा रही है।

महाराष्ट्र के इतिहास में संभवत: पहली बार लोग चुनाव परिणामों की इतनी बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं क्योंकि चुनाव से ठीक पहले दो बड़े गठबंधन कांग्रेस-राकांपा और भाजपा-शिवसेना टूट गए। इस बार चारों दल अलग अलग चुनाव लड़े जबकि पहले यहां मुख्य रूप से चुनाव दो गठबंधनों के बीच लड़ा जाता था। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 63.13 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके साथ ही 15 अक्तूबर को बीड़ लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव भी हुए थे जिसके लिए भी मतगणना आज हो रही है। महाराष्ट्र में कांग्रेस ने 287, भाजपा ने 280, बसपा ने 260, भाकपा ने 34, माकपा ने 19, राकांपा ने 278, शिवसेना ने 282 और मनसे ने 219 उम्मीदवार उतारे। महाराष्ट्र में 4119 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 288 सीटों में से 36 सीट मुम्बई में हैं। इसमें 234 सामान्य, 29 अनुसूचित जाति और 25 सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।