जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनावों और बोर्ड गठन की प्रक्रिया के दौरान सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य की भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।
लोसल और तिजारा में पार्षदों को रोकने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ के धानणी गांव में कैंप कर रहे कांग्रेस पार्षदों पर लोसल नगरपालिका के भाजपा समर्थित प्रत्याशी और समर्थकों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने तिजारा के करीब 18 पार्षदों को हिमाचल प्रदेश से लौटने के दौरान हरियाणा सीमा पर रोके जाने का दावा किया है, ताकि उन्हें मतदान से रोका जा सके। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य और केंद्रीय चुनाव आयोग में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
प्रशासनिक एजेंसियों के दुरुपयोग का दावा
टीकाराम जूली ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी पार्षदों को डराने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने मालाखेड़ा, थानागाजी और बड़ौद के उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्षदों और उनके परिजनों के यहां राजस्व विभाग, पटवारी और जीएसटी जैसी एजेंसियों की कार्रवाई कराई जा रही है।
सरकार पर साधा निशाना
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए जूली ने लिखा, “कुर्सी आज तुम्हारी है, इतना गुरूर मत करना।” उन्होंने चेतावनी दी कि साम, दाम, दंड और भेद की यह नीति ज्यादा दिन नहीं टिकेगी और आगामी चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी। निकाय चुनावों के इन गर्माए माहौल के बीच दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।





