दुमकाझारखंड के दुमका ज़िले के हंसडीहा अंतर्गत हथगढ़ स्थित चेकडैम में 6 सितंबर को सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव में उतरे दो दोस्त, पांडव और रमण, पानी की गहराई में समा गए और दोनों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर जिले में पानी की मस्ती के दौरान घटित पुराने जानलेवा हादसों के जख्मों को हरा कर दिया है।

रील बनाने और मौज-मस्ती के चक्कर में गई दो किशोरों की जान

रविवार को तीन मित्र धोबई नदी स्थित चेकडैम पर घूमने और वीडियो रील बनाने पहुंचे थे। जलस्तर और बहाव तेज होने के बावजूद दो किशोर पानी में उतर गए और देखते ही देखते गहरे पानी में बह गए। तीसरे साथी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया पर असफल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के पार्थिव शरीर को पानी से बाहर निकाला।

मिनी गोवा में 20 फुट गहरे पानी में समाए थे चार दोस्त

28 अगस्त 2025 को शहर के चार मित्र हरिपुर स्थित 'मिनी गोवा' में घूमने गए थे। मयूराक्षी नदी में स्नान के दौरान कृष्णा सिंह गहरे पानी में उतर गया। उसे बचाने के प्रयास में आर्यन ठाकुर, कृष और आर्यन कुमार भी 20 फीट गहरे पानी की चपेट में आ गए। प्रयास के बावजूद चारों में से कोई नहीं बच सका और 16 से 17 वर्ष की आयु के इन सभी दोस्तों की डूबने से मौत हो गई।

तालाब की गहराई न भांप पाने से दो छात्रों की हुई थी मौत

7 जुलाई 2024 को हंसडीहा के पगवारा पहाड़ के पास स्थित तालाब में नहाने गए 12 वर्षीय अंकित भारती और आदित्य संजीत की डूबने से जान चली गई थी। रविवार का अवकाश होने के कारण दोनों छात्र नहाने गए थे, लेकिन बारिश के कारण लबालब भरे तालाब की गहराई का अंदाजा न होने से यह हादसा हुआ।

पथरिया गांव के तालाब में डूबने से चार मासूमों की मौत

13 अगस्त 2023 को सरैयाहाट प्रखंड के पथरिया गांव में दोपहर के समय नहाने गए चार बच्चे—कुंदन कुमार, रेखा कुमारी, ज्ञान गंगा और नंदनी कुमारी—गहरे पानी में जाने से डूब गए। गहराई का सही अनुमान न होने के कारण चारों मासूम हादसे का शिकार हो गए।

बेटों को बचाने में मां ने भी गंवाई थी अपनी जान

13 अगस्त 2021 को हंसडीहा के अलुबेड़ा गांव में तालाब में नहाते समय 7 वर्षीय विमल मुर्मू और 6 वर्षीय राजकुमार हेंब्रम डूबने लगे। किनारे पर मौजूद मां सूरजमणि ने अपने बच्चों को बचाने के लिए बिना सोचे-समझे तालाब में छलांग लगा दी, परंतु दुर्भाग्यवश तीनों की ही डूबकर मौत हो गई।

वर्ष 2016 में मिनी गोवा में बहाव की चपेट में आए थे छह विद्यार्थी

हरिपुर-बांदो स्थित 'मिनी गोवा' में वर्ष 2016 में एक बड़ा हादसा हुआ था, जब एक निजी स्कूल के छह छात्र मयूराक्षी नदी में नहाने उतरे थे। बारिश के कारण नदी के उफान पर होने से सभी छात्र तेज धार में बह गए थे। लंबे खोज अभियान के बाद पांच के शव बरामद हुए थे, जबकि एक छात्र का सुराग आज तक नहीं मिल सका।